थोड़े संतुष्ट, थोड़े नाखुश दिखे, एक हप्ते के भीतर व्यवस्था सुधारने का दिया निर्देश
दो चिकित्सक गैरहाजिर मिले कहा शोकाउज जारी किया जाएगा
जमशेदपुर.
विगत कई वर्षों के बाद किसी उपायुक्त के द्वारा एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण किया गया. हालांकि जिले के सर्वेसर्वा होने के कारण उनका अधिकार तो रहता ही है, लेकिन विगत कुछ वर्षों से देखा जाता रहा है कि कोई भी उपायुक्त एमजीएएम अस्पताल को लेकर कम ही गंभीरता दिखाते हैं. वैसे बुधवारा को जिले के उपायुक्त अमिताभ कौशल ने अस्पताल परिसर में अचानक पहुंचकर सबको चकित कर दिया. हालांकि अस्पताल अधीक्षक एवं लगभग सभी चिकित्सक व चिकित्साकर्मी अपने ड्यूटी पर मिले केवल दो चिकित्सक बगैर किसी पूर्व सूचना के गैरहाजिर पाए गए जिसको लेकर उपायुक्त ने अधीक्षक को शोकाउज जारी करने का निर्देश जारी किया. इस दौरान उपायुक्त ने लगभग सभी वार्डों का दौरा किया एवं स्थिति का जायजा लिया. हालांकि इस संबंध में उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन में कोई खास खामियां तो नहीं हैं लेकिन अभी काफी सुधार की गुंजाईश है. मरीजों को कुछ परेशानियां हैं लेकिन अस्पताल प्रबंधन को उन कमियों को दूर करने संबंधी दिशा निर्देश दे दिया गया है. एक हफ्ते बाद पुनः निरीक्षण करने की बातें उन्होंने कहीं.
चिकित्सकों एवं कर्मियों की ड्यूटी तालिका को लेकर गंभीर दिखे
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल अधीक्षक से चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी एवं किस विभाग में कार्यरत् हैं इसका विस्तृत व्यौरा डिसप्ले बोर्ड में लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि इससे मरीजों को सहूलियत होगी. अस्पताल अधीक्षक की ओर से अविलंब इसे लागू करने का आश्वासन दिया गया.
मुख्यमंत्री दाल- भात योजना का भी निरीक्षण किया
उपायुक्त ने इस दौरान अस्पताल में चल रहे मुख्यमंत्री दाल- भात य़ोजना का भी जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने वहां खाना खा रहे मरीजों के परिजनों से कुछ सवाल- जवाब भी किया. इस दौरान वे संतुष्ट दिखे.




