जमशेदपुर।
परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी कोचाकोली निवासी कांग्रेस बिरूली की दिनदहाड़े हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि गुरूवार दिन के करीब ढ़ाई बजे के आस- पास बाईक पर सवार होकर कांग्रेस बिरूली अपने मित्र सुबोध लोहार के घर जा रहे थे. इसी बीच उनके पड़ोसी सीताराम शर्मा ने उनपर गोलीयां चला दी गोली उनके सीने को छेदती हुई बाहर निकल गई, जिसके बाद घायल बिरूली को सुबोध लोहार ने ही स्थानीय टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों ने उन्हे बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हुए. उधर घटना के बाद से ही परसुड़ीह थाना प्रभारी बीके चतुर्वेदी लगातार अस्पताल में ही बने हुए थे. इसके अलावा अपने ही निर्देशन में मामले के अभियुक्तों की तलाश में छापामारी करवा रहे थे. इस संबंध में डीएसपी विधि- व्यवस्था बीएन सिंह ने बताया कि इस मामलें में कुल तीन युवकों का नाम सामने आया हे जिसमें छापामारी के दौरान दो युवक गोविन्दा स्वर्णकार एवं चिन्मय सेन को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मुख्य आरोपी सीताराम शर्मा अब भी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. वहीं सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के कांग्रेस बिरूली की हत्या रंगदारी को लेकर की गयी है. हालांकि पुलिस जांच के बाद किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बातें बता रही है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस एवं आजसू के कई नेता टीएमएच पहुंच गए थे.
