जमशेदपुर।
जन आस्था के प्रतीक माने जानेवाले श्री श्याम प्रभु की पावन भूमि बाबा श्याम नगरी खाटू धाम (राजस्थान) के लिए सीधी रेल सेवा को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री की पहल पर रेलवे द्वारा फाल्गुन मेला के लिए स्पेशल ट्रेन की सुविधा की घोषणा किए जाने के बाद सोमवार को टाटानगर श्री श्री श्याम केन्द्रीय समिति द्वारा पत्रकार वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं केन्द्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु के प्रति आभार व्यक्त किया. इस संबंध में समिति की ओर से जानकारी देते हुए पवन अग्रवाल ने बताया कि श्याम भक्तों को जयपुर स्थित खाटू धाम में लगनेवाले विश्व प्रसिद्ध फाल्गुन मेला के लिए जमशेदपुर से सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. ऐसे में राज्य के मुख्यमंत्री के प्रयासों से रेलवे की ओर से उक्त मेला के लिए सीधी रेल सेवा (मेला स्पेशल) की सुविधा दी जा रही है जिसमें पूरे कोल्हान से करीब एक हाजार पचास श्याम भक्त सफर कर सकेंगे. श्री अग्रवाल ने बताया कि समिति की ओर से इस यात्रा के लिए करीब सौ की संख्या में वैसे श्याम भक्तों को ले जाने की व्यवस्था की जा रही है जो कि आर्थिक रूप से कमजोर हैं, एवं जो कि इस यात्रा के लिए खर्च वहन कर पाने में असमर्थ हैं. उन्होंने बताया कि टिकटों की बुकिंग एक दो दिनों के भीतर शुरू किए जाने की संभावना है इसके लिए पहले आएं पहले पाएं के तर्ज पर सीटों का आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री बाबा श्याम के बड़े भक्त हैं वे तीन बार बाबा के दर्शन कर चुके हैं उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने एवं निशान यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण भी देने की बातें कहीं. इस दौरान काफी संख्या में पूरे कोल्हान के सभी श्याम मंडली के सदस्य उपस्थित थे.
