जमशेदपुर।जुगसलाई की बलदेव बस्ती के गरीब लोगों को अपने बेटा-बेटी की शादी या अन्य कार्यक्रम के लिए अब सड़क पर तंबू तान कर रोड जाम नहीं करना पड़ेगा। इस बस्ती के लोग अपनी जरूरत के लिए जब रोड जाम करते हैं तो उन्हें पुलिस-प्रशासन ही नहीं आते-जाते लोगों की डांट सहनी पड़ती है। बस्ती के लोगों की इस पीड़ा को जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने महसूस किया। सांसद ने लोगों के बताने पर अपनी निधि से बस्ती में एक सामुदायिक भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी। रविवार को सांसद ने सामुदायिक भवन के लिए भूमि पूजन भी कर दिया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता अनिल मोदी, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, उपेंद्र चतरथ, चन्द्रशेखर दास, हन्नू जैन समेत बलदेव बस्ती के तमाम निवासी उपस्थित थे।




