
जागरूकता से ही हासिल किया जा सकता है हक : डालसा
जमशेदपुर : न्याय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को परसुडीह के रॉबर्टनगर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पीएलवी सुनील पांडे ने कहा कि प्राधिकार की ओर से जरूरतमंदों के लिए कई कार्यक्रम तथा योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसमें न्याय आपके द्वार प्रमुख हैं। इसके तहत लोगों को कानूनी मदद के अलावा सरकार की योजनाओं का लाभ कैसे एवं कहां प्राप्त करें बताया जाता है। महिलाओं को बताया गया कि वे किसी भी तरह के अन्याय के खिलाफ मुखर होकर अपनी बात रखें। जिससे उसका समाधान किया जा सके। मौके पर मौजूद पीएलवी ग्लोरी पूर्ति में निर्भया सेंटर (वन स्टॉप) के बारे में विस्तार से बताया तथा कहा कि यह सेंटर महिलाओं के लिए 24 घंटे कार्यरत है। यहां किसी भी तरह की प्रताड़ना से जुडी शिकायत की जा सकती है। पीएलवी अरुण रजक ने बाल संरक्षण एवं उनके अधिकारों के बारे में बताया।साथ ही चाइल्ड लाइन के क्रियाकलापों की जानकारी दी। पीएलवी शंकर गोराई में सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं ने कई तरह के सवाल किए, जिनका जवाब दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत की वार्ड सदस्य उषा किरण सोए, समाजसेवी अरुण कुमार दास, नीलम विभु इक्का सहित अन्य मौजूद थे।

