
रांची: झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से संपूर्ण राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक बेहद भावुक और मार्मिक संदेश साझा करते हुए अपने बड़े भाई और मार्गदर्शक को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी है।
‘ब्लैक कॉफी की चुस्कियों पर AI और क्रिकेट के चर्चे बहुत याद आएंगे’
कुणाल षाड़ंगी ने अपने शोक संदेश में लिखा कि यह विश्वास करना बेहद कठिन है कि काल ने सुदिव्य कुमार सोनू को हमसे छीन लिया है। पार्टी और राज्य के राजनीतिक व सामाजिक क्षितिज के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने मंत्री के रूप में उनके छोटे से कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कार्यशैली से एक लंबी लकीर खींची थी।
अपने व्यक्तिगत संस्मरणों को साझा करते हुए उन्होंने लिखा:
“सोनू भैया, मेरे लिए हमेशा आप एक परिवार के सदस्य की तरह और बड़े भाई व शुभचिंतक के रूप में उपलब्ध रहे। एक शिक्षित जननेता, वैश्विक दृष्टिकोण के साथ राजनीति करना, किसी भी कार्यक्रम में हमेशा समय पर पहुंचने का महत्व और किसी भी विभागीय विषय की तह तक जाकर समाधान निकालने की कोशिश करने की आपकी सोच दुर्लभ थी। आपके संग रांची में ब्लैक कॉफी की चुस्कियों पर AI और क्रिकेट के चर्चे बहुत याद आएंगे भैया।”
जनता और परिजनों के प्रति संवेदना
कुणाल षाड़ंगी ने उनके गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र की जनता, परिजनों और लाखों चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। ईश्वर से प्रार्थना की गई है कि वे इस बेहद कठिन समय में सभी को संबल प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को शांति दें। संदेश के अंत में उन्होंने नम आंखों से “अंतिम जोहार!” अर्पित किया।
स्तब्ध हूँ और विश्वास नहीं हो रहा है कि काल ने @kumarsudivya भैया को हमसे छीन लिया है। हमारी पार्टी @JmmJharkhand के लिए और राज्य की राजनीतिक और सामाजिक क्षितिज के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। बहुत कम समय मे राज्य के मंत्री के रूप में उन्होने एक लंबी लकीर खींची थी।
सोनू भैया,… pic.twitter.com/ywNwtW2HtX
— Kunal Sarangi 🇮🇳 (@KunalSarangi) September 6, 2026

