
रांची: झारखंड में आग लगने (Fire Incidents) की घटनाओं पर अब और भी तेजी से काबू पाया जा सकेगा। राज्य की अग्निशमन और फायर सेफ्टी व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को 58 नए “मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी” (Mini Water Tender with Mist Technology) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रांची के धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान (गृह रक्षा वाहिनी) में आयोजित इस लोकार्पण कार्यक्रम के बाद, अब राज्य के घनी आबादी वाले इलाकों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्थितियों में तुरंत राहत पहुँचाई जा सकेगी।


READ MORE :Jamshedpur News: सांसद बिद्युत बरण महतो की पहल रंग लाई, डुमरिया स्वास्थ्य केंद्र में दौड़ी बिजली
संकरी गलियों और गांवों में मिलेगा क्विक रिस्पॉन्स
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आग की घटना में हर एक सेकंड कीमती होता है। आजकल शहरों और गांवों में जिस तरह की बसावट है, वहां बड़ी गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल होता है। इन आधुनिक और कॉम्पैक्ट मिनी वाटर टेंडर के शामिल होने से संकरी गलियों में भी तुरंत अग्निशमन प्रतिक्रिया (Quick Response) दी जा सकेगी। मिस्ट टेक्नोलॉजी कम पानी में आग पर ज्यादा प्रभावी नियंत्रण पाने में मददगार साबित होगी, जिससे जान-माल का नुकसान कम से कम होगा।
सिर्फ आग नहीं बुझाते, लोगों की जान भी बचाते हैं जवान: CM
मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग के जवानों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि ये जवान सिर्फ आग बुझाने का काम नहीं करते, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर आग में फंसे लोगों का जीवन भी बचाते हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आग बुझाने के देसी उपायों से होने वाले नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि फायर सेफ्टी सिस्टम का आधुनिक होना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। यह कार्यक्रम सिर्फ गाड़ियों का लोकार्पण नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मौजूद रहे ये दिग्गज
इस महत्वपूर्ण अवसर पर गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके अलावा राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती वंदना दादेल, डीजी (फायर सर्विसेज) श्री एम० एस० भाटिया और डीजीपी श्रीमती तदाशा मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।


