नई दिल्ली। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को विश्व बैंक के भारत प्रमुख श्री ऑगस्टे तानो कौमे के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास, गरीबी उन्मूलन तथा विभिन्न क्षेत्रों में चल रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
READ MORE :Jamshedpur News :नैक की तैयारी में जुटा कोल्हान विश्वविद्यालय
इस अवसर पर श्री कौमे ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर करने की दिशा में एक मजबूत प्रयास है। उन्होंने राज्य के आर्थिक विकास मॉडल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि झारखंड में परिवर्तन की दिशा स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में चल रही विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण विकास, अक्षय ऊर्जा, कृषि, पर्यटन, शिक्षा, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और उत्पादकता को बढ़ाने की दिशा में हो रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही निवेश को भी प्रोत्साहित कर रही है, जिससे आम लोगों के जीवन में बदलाव आ सके।
READ MORE :Jamshedpur News:अब बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा, डीसी का निर्देश
विश्व बैंक की टीम ने भारत के विभिन्न राज्यों में अपने अनुभव साझा किए और झारखंड सरकार को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, कार्यक्रम डिज़ाइनिंग तथा प्रशासनिक क्षमता को सशक्त करने में सहयोग देने की इच्छा जताई। इस मौके पर दोनों पक्षों ने रांची में एक संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की, ताकि साझा संवाद और सहयोग को और अधिक मजबूत किया जा सके।





