
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती के अवसर पर प्रकाशित “दिशोम गुरु कॉफी टेबल बुक” का विधिवत लोकार्पण किया। यह पुस्तक दैनिक जागरण द्वारा प्रकाशित की गई है।


गुरुजी के संघर्ष, त्याग और बलिदान को किया नमन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नमन करते हुए उनके संघर्षशील जीवन, त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने आदिवासी समाज, शोषित-वंचित वर्ग और झारखंड की अस्मिता के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
गुरुजी के जीवन का महत्वपूर्ण दस्तावेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि “दिशोम गुरु कॉफी टेबल बुक” गुरुजी के जीवन, विचारों और राजनीतिक योगदान को समेटे हुए एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इस पुस्तक में उनके संघर्ष, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता इस पुस्तक के माध्यम से गुरुजी के प्रेरणादायी जीवन और विचारधारा से और अधिक जुड़ सकेगी।
दैनिक जागरण को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दैनिक जागरण के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रकाशन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने नववर्ष की भी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं और कहा कि इस तरह के प्रकाशन सामाजिक और ऐतिहासिक चेतना को मजबूत करते हैं।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित
लोकार्पण समारोह में दैनिक जागरण के महाप्रबंधक परितोष झा, संपादक शशि शेखर, मार्केटिंग हेड धर्मेंद्र कुमार, ब्यूरो चीफ प्रदीप सिंह सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे। सभी ने इस अवसर को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया।



