
रांची।
झारखंड मंत्रालय में आज एक भावुक पल देखने को मिला जब मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्य की निवर्तमान मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी को विदाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अलका तिवारी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया और राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतियों के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अलका तिवारी ने ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए राज्य प्रशासन को नई दिशा दी और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारने में सक्रिय भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने उनके समर्पण और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से राज्य को लंबे समय तक लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने श्रीमती तिवारी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज को दिशा देने का कार्य जारी रखेंगी।
READ MORE :Jharkhand News : IAS अविनाश कुमार बने झारखंड के मुख्य सचिव, कार्मिक विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन
वहीं, इस अवसर पर राज्य के नए मुख्य सचिव के रूप में 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री अविनाश कुमार ने पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कार्यकुशलता, दूरदर्शिता और प्रशासनिक अनुभव राज्य के विकास में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री अविनाश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की गति और तेज होगी तथा प्रशासनिक व्यवस्था और सशक्त बनेगी।
अविनाश कुमार झारखंड कैडर के अनुभवी अधिकारी हैं और इससे पहले ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ-साथ मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और झारखंड भवन, नई दिल्ली के मुख्य स्थानिक आयुक्त का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल चुके हैं। उनके पास विभिन्न विभागों में काम करने का समृद्ध अनुभव है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि वे राज्य की विकास प्रक्रिया को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य के नए विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह को भी जिम्मेदारी सौंपी गई। वे वर्तमान में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत हैं और अब विकास आयुक्त का भी अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : बीएसएनएल ने शुरू किया इंटेलिजेंट स्वदेशी 4G नेटवर्क, 26,700 और गाँवों को जोड़ेगा
इस मौके पर झारखंड मंत्रालय का माहौल औपचारिक होते हुए भी भावुक रहा। मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रधान सचिव और सचिव इस विदाई व पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। सभी ने अलका तिवारी के योगदान की सराहना की और अविनाश कुमार को शुभकामनाएं दीं।



