जमशेदपुर : Jamshedpur FC की U18 टीम ने AIFF Elite Youth League 2025-26 में इतिहास रच दिया है। टीम बिना एक भी मैच हारे फाइनल राउंड में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। ग्रुप C में 30 अंकों के साथ टॉप पर रहते हुए ‘बॉयज़ ऑफ स्टील’ ने अपनी दबदबा कायम रखा।
दमदार प्रदर्शन, मजबूत डिफेंस
टीम ने अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 9 जीत और 3 ड्रॉ शामिल हैं। सबसे खास बात यह रही कि टीम ने 44 गोल दागे और सिर्फ 4 गोल खाए। उनकी आक्रामक खेल शैली और मजबूत डिफेंस ने उन्हें लीग में सबसे संतुलित टीम बना दिया है।
FAO एकेडमी पर 3-0 की जीत
हालिया मुकाबले में FAO एकेडमी के खिलाफ 3-0 की शानदार जीत दर्ज कर टीम ने टेबल टॉप पर अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में लॉमसांगज़ुआला (40वें मिनट), राशिथोई (64वें मिनट) और स्थानीय खिलाड़ी गोपाल मुंडा (76वें मिनट) ने गोल दागे।
लगातार दूसरा साल फाइनल में
हेड कोच कैज़ाद अंबापर्दिवाला के मार्गदर्शन में यह लगातार दूसरा वर्ष है जब टीम फाइनल राउंड में पहुंची है। कोच और खिलाड़ी इस बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।
झारखंड के खिलाड़ियों का जलवा
टीम में झारखंड के 7 खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने स्थानीय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। गोपाल मुंडा के 3 गोल खास रहे, जबकि लॉमसांगज़ुआला 12 गोल के साथ टूर्नामेंट में टीम के टॉप स्कोरर बने हुए हैं।
एक मैच अभी बाकी है और टीम का लक्ष्य ग्रुप स्टेज को भी बिना हार के समाप्त करना है, ताकि फाइनल राउंड में पूरे आत्मविश्वास के साथ उतर सके।




