

जमशेदपुर। मकर संक्रांति के अवसर पर मनिफिटा अंतर्गत गरुड़बासा फुटबॉल मैदान में श्री श्री सार्वजनिन टुसू मेला कमिटी के तत्वाधान में एकदिवसीय टूसू महोत्सव का आयोजन सोमवार को किया गया जिसमें परंपरा और संस्कृति के अक्षुण्ण पर्व पर उल्लासित विशाल जनसमूह उमड़ा। मेले का विधिवत उद्घाटन बतौर मुख्यातिथि भाजपा ज़िलाध्यक्ष दिनेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान सरदार इंद्रजीत सिंह ने किया। मौके पर सम्मानित अतिथि के रूप में भाजपा नेता अमरजीत सिंह राजा,हेमंत साहू,घोडाबांधा मंडल अध्यक्ष जीतेंद्र राय समेत दीपक महतो,आशिष पॉल उपस्थित रहें। कार्यक्रम के आयोजनकर्ता कृष्णा लोहार द्वारा मेले का संचालन किया गया। इस दौरान परंपरागत नृत्य, नागपुरी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावे मुर्गा-लड़ाई एवं टूसू प्रतियोगिता का भी आयोजित हुआ जिसमें ऊँचे चौड़ाल को पुरस्कृत किया गया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्यातिथि भाजपा ज़िलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि टुसू पर्व झारखंडी संस्कृति की पहचान है, इस संस्कृति को हमें बरकरार रखने की आवश्यकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि उक्त जगह पर वर्ष 1978 से संचालित मानव विकास स्कूल को उच्च विद्यालय को मान्यता दिलवाने की दिशा में प्रयास किया जायेगा ताकि स्थानीय बच्चों को शिक्षा ग्रहण के लिए दूर न जाना पड़े। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित कर झारखंड के विशेष लोकपर्व का आनंद उठाया।

