
चाईबासा।


शुक्रवार को अपराह्न 3.20 बजे जगन्नाथपुर अनुमंडल के हाटगम्हरिया के समीप बालजोड़ी में दो बसों में हुई भीषण टक्कर में करीब एक दर्जन लोगों की मौत हो गई। हालांकि मरनेवालों की वास्तविक संख्या का अनुमान नहीं लगाया जा पा रहा है। लोगों की मदद से निकाले गए घायलों को चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों में आग लग गई। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बसों की टक्कर व आग लगने के बाद दृश्य देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। टक्कर के बाद कुछ लोग बसों के अंदर आग की लपटों से घिरे झुलस रहे थे जिन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका। बताया जाता है कि हाटगम्हरिया के समीप बालजोड़ी गांव के पास तीखा मोड़ है। इसे 18 मील के नाम से जाना जाता है। अपराह्न करीब 3.20 बजे बड़बिल से टाटा जानेवाली पार्वती बस आ रही थी। उसी समय चाईबासा से बालिवां के लिए तमन्ना बस जा रही थी। दोनों बसें 18 मील मोड़ पर मुड़ते समय तेज गति से टकरा गईं। जबरस्त टक्कर से बसों में आग लग गई। कुछ लोग बाहर की ओर जा गिरे। सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाने की पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों में भरकर चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं दुर्घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद तक बसों में लगी आग को बुझाया नहीं जा सका था। दोनों बसों में करीब 175 लोग सवार थे। मरनेवालों
में तमन्ना बस के यात्रियों की संख्या ज्यादा है।
मुख्यमंत्री ने शोक जताया
चाईबासा में सड़क दुर्घटना में हुई मौतो पर मुख्यमंत्री ने दुःख जताया है। चाईबासा और जमशेदपुर के प्रशासन को राहत कार्य में जुट जाने को कहा है। आसपास के हॉस्पिटल को अलर्ट किया गया है। जमशेदपुर के टीएमएच को विशेष तौर पर तैयार रहने को कहा गया है।चाईबासा घटना पर मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख व घायलों 20-20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि की घोषणा की है।
अर्जुन मुंडा ने भी शोक जताया
चाईबासा के बालजोड़ी के पास आज हुई भीषण बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

