
जमशेदपुर।
साकची धालभूम रोड में आज सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले डॉक्टर दंपति को बाइक पर सवार दो अपराधियों ने निशाना बनाया. एमजीएम हॉस्पिटल के डॉक्टर डॉ एन झा की पत्नी गायत्री देवी के गले से सोने का चेन खींचकर बाइक सवार दोनों अपराधी भाग गए. इस दौरान गायत्री देवी अपराधियों के झटके से सड़क पर गिर भी गई और उन्हें चोट भी आई है. चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है .घटना के संबंध में डॉ एन झा का कहना है कि वह धालभूम रोड में अपने फ्लैट से सुबह में पत्नी के साथ निकले थे. साकची जेल गेट के सामने वह एक दवा दुकानदार से बात करने गए. पत्नी रोड के किनारे पूजा के लिए फूल तोड़ने लगी. इतने में एक बाइक पर दो युवक सवार होकर आए और तेजी से गायत्री देवी के गले से सोने का चेन खींच कर भाग गए . घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए . सूचना मिलते ही साकची पुलिस की टीम मौके पर पहुंची घटना की छानबीन शुरू कर दी गई है. वहीं साकची थाना प्रभारी कुणाल कुमार का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है . बहुत जल्द उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी. सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया है और अपराधियों की पहचान की गई है.



