जमशेदपुर।
सोमवार को टेल्को वर्कर्स यूनियन के अध्याय में पहली बार महज तीन कर्मचारियों ने बकाया वेतन की मांग को लेकर एक ओर जहां महामंत्री प्रकाश कुमार को बंधक बनाया वहीं दूसरी ओर अध्यक्ष समेत दर्जन भर कमेटी मेंबरों यूनियन कार्यालय के गेट से बाहर करते हुए मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया. जिसके बाद सभी मेंबर टेल्को थाना पहुंचे जहां से उन्हें यह कहते हुए वापस भेज दिया गया कि ये आपका निजी मामला है इसमें प्रसासन किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं कर सकती. अंततः कमेटी मेंबर वापस यूनियन गेट पहुंचकर नाराज करमियों को मिल- बैठकर वार्ता को कहा जिसके बाद कर्मचारियों ने गेट खोला. गौरतलब है कि विगत कुछ दिनों से चले आ रहे उठापटक के बाद चंद्रभान गुट के समर्थकों ने वर्तमान कमेटी में विलय की घोषणा कर दी जिसपर महामंत्री प्रकाश कुमार ने कड़ी आपत्ती दर्ज की थी. सोमवार को कमेटी की बैठक रखी गई थी जिसमें कई अहम फैसले लिए जाने की सूचना थी. लेकिन अचानक ही नए घटनाक्रम ने पूरे यूनियन कार्यालय का माहौल ही बदल कर रख दिया.
इस प्रकरण से कमेटी कलंकित हुई है, आपसी बात- चीत से विवाद सुलझाया जा सकता थाः अध्यक्ष
यूनियन कार्यालय में उत्पन्न विवाद के संबंध में टेल्को वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष अमलेश रजक ने कहा कि कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है ये समस्या है मगर इसका समाधान ये नहीं है जो कि आज हुआ. कमेटी कर्मचारियों के प्रति पूरी सहानुभूति रखती है. उन्होंने जल्द ही आपस में बैठकर सुलझा लेने का दावा किया. बगैर किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि वे सदैव इस बात की वकालत करते रहे हैं कि कमेटी से सभी सदस्य एक होकर कंपनी एवं कर्मचारी हित में फैसला ले सकें एवं एक होकर रहें. पूर्व महामंत्री चंद्रभान सिंह के साथ वर्तमान कमेटी में विलय को उन्होंने सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि कुछ लोगों को ये विलय प्रक्रिया अनुचित लग रही है जिसके कारण इस प्रकार की घटना घटित हुई.
प्रकाश कुमार के इशारे पर ही कर्मचारियों ने सबकुछ किया, कमेटी के पास पर्याप्त फंड हैः कोषाध्यक्ष
वेतन की मांग को लेकर यूनियन कर्मचारियों द्वारा तालाबंदी किए जाने को लेकर कोषाध्यक्ष प्रकाश विश्वकर्मा ने महामंत्री प्रकाश कुमार को जिम्मेवार बताते हुए कहा कि पूरा मामला पूर्व नियोजित था. उन्ही के इशारे पर सबकुछ हो रहा है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में इतनी साहस कहां से आयी इसको लेकर जांच करायी जाएगी. कमेटी के पास प्रयाप्त फंड होने की बातें कहते हुए कर्मचारियों का वेतन नहीं दिए जाने के पीछे भी उन्होंने महामंत्री को ही जिम्मेवार बताया. उन्हेंन कहा कि कई बार महामंत्री को कहा गया कि पुराने खातों के अनुसार ही कर्मचारियों को भुगतान कर दिया जाए लेकिन वे कमेटी का नया खाता खुलवाने के बाद भुगतान ही भुगतान दिए जाने की जिद पर अड़े हैं. जिसके परिणामस्वरूप उक्त घटना घटित हुई.
हाई कोर्ट के निर्णय का पालन कर रहा हूः महामंत्री
कर्मचारियों के वेतन को लेकर खुद पर आरोप लगाए जाने पर टेल्को वर्कर्स यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि पुराने खाते में वित्तीय अनियमितता की शिकायत की गई है जिसके बाद से किसी भी प्रकार की निकासी पर हाई कोर्ट की ओर से रोक लगी है. जिसके बाद नए खाते खोले जाने को लेकर कई बार कमेटी मेंबरों को कहा गया है बावजूद इसके कमेटी मेंबरों ने पुराने महामंत्री चंद्रभान सिंह से हाथ मिला लिया. जिस कारण भ्रष्टाचार का खुलासा नहीं हो सकेगा. कर्मचारियों को सात माह से वेतन नहीं दिया गया है उन्होंने पूर्व में ही चेतावनी जारी किया था कि अगली बैठक से पूर्व वेतन नहीं दिया गया तो बैठक का विरोध किया जाएगा. ऐसे में यदि कोई मुझे दोषी ठहराता है तो इसमें मैं क्या कर सकता हूं.
सोमवार की घटना को कर्मचारियों ने खुद का निर्णय बताते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व में ही अध्यक्ष समेत पूरे कमेटी मेंबरों को सूचित कर दिया था कि अगली बैठक से पूर्व बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो बैठक का बहिष्कार किया जाएगा बावजूद इसके अध्यक्ष की ओऱ से बैठक आयोजित की गई. इतना ही नहीं सोमवार को बैठक का विरोध करने के दौरान कमेटी मेंबरों ने उनके साथ हाथापाई कर दी. जिसके बाद कर्मचारी शिवशंकर कामत, पुरूषोत्तम सिंह एवं निलेश सिंह ने महामंत्री को कक्ष में बंधक बनाते हुए अध्यक्ष समेट पूरे कमेटी को यूनियन कार्यालय से बाहर करते हुए तालाबंदी कर दी.




