जामताड़ा।
ट्रेनों में चोरी और छिनतई में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के एक गैंग को मिहिजाम पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के बोदमा फाटक के पास से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बिहार के मुंगेर जिला के मो आफताब, मो एजाज अहमद, जालो साहनी तीनो कोतवाली थाना क्षेत्र के हैं। वहीं भागलपुर के कारेलाल साहनी जबकि एक अन्य आरोपी मुंगेर जिला के मो जहांगीर को देवघर के गंगा आश्रम होटल से मिहिजाम पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से लेकर पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिला तक गिरोह सक्रिय है। जो ट्रेन में सफर करनेवाले यात्रियों को निशाना बनाते हैं।
बता दें कि सोमवार की सुबह देवघर के रहने वाली महिला दुमका-रांची इंटरसिटी ट्रेन से बोकारो जा रही थी। इसी क्रम में जामताड़ा चितरंजन स्टेशन के बीच महिला रेल यात्री के बैंक में रखा लगभग ढाई लाख के सोने चांदी के जेवरात चोरी हो गई। हालांकि महिला की दिलेरी से रेल यात्रा के दौरान पर्स समेत गायब ढाई लाख के गहने बदमाशों से वापस ले लिया। देवघर की रहनेवाली महिला जूली सिंह अपने दो बच्चों और पारिवारिक सदस्य संजय कुमार के साथ बोकारो जाने के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस पर सवार हुई। इस बीच जसीडीह स्टेशन से ही कुछ शातिर उनकी बोगी में घुस आए। बदमाश आधा दर्जन के करीब थे। धीरे-धीरे उसमें से एक ने अखबार पढ़ने के बहाने महिला का पर्स ढंक दिया और आपस में इधर-उधर की बातें शुरू कर दीं। इसी बीच महिला के आसपास बैठे ये शातिर जब अचानक दूसरी बोगी में शिफ्ट होने लगे तो महिला को शक हुआ। तभी अचानक महिला ने देखा कि उसके बगल में रखे गहनों से भरा पर्स गायब हो चुका।
महिला चोर-चोर चिल्लाती उन बदमाशों के पीछे दूसरी बोगी की ओर दौड़ पड़ी। इस बीच चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर सभी शातिर उतरकर ऑटो से भागने लगे। महिला भी ट्रेन से उतर कर बदमाशो के पीछे भागी। महिला ने अपने गहने लेकर भाग रहे बदमाशों का ऑटो से पीछा किया फिर शातिरों को दबोचकर अपने गायब हुए ढाई लाख के गहने वापस लिया और स्थानीय लोगों की मदद से बदमाशों की पिटाई के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए चार बदमाश मिहिजाम पुलिस की कस्टडी में हैं।
इस मामले का एसपी मनोज स्वर्गियारी ने खुलासा किया।कहा कि पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार सभी अपराधी के पास से चोरी गया ढाई लाख के आभूषण भी बरामद कर लिया गया है। मामले को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए सभी अपराधियों को जेल भेज दिया है।

