जामताड़ा।
जामताड़ा साइबर पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर शाम को 8 शातिर साइबर अपराधियों को एसपी दीपक कुमार सिन्हा के निर्देश पर फतेहपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। साइबर अपराधियों के ग्रुप के आने की गुप्त सूचना एसपी को मिली थी। जिसके आधार पर उन्होंने टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया था। गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से 8 मोबाइल, 21 सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड, एक चेक बुक, ₹8985 रुपए नगद सहित एक चार पहिया इनोवा वाहन को जप्त किया गया है। गिरफ्तार साइबर अपराधी संदीप कुमार मंडल, सुभाष कुमार मंडल, विनोद कुमार मंडल, आनंद देव मंडल, छोटू कुमार मंडल, विवेक कुमार सिंह, विक्रम कुमार मंडल और रंजीत मंडल को गिरफ्तार किया गया है। सभी साइबर अपराधी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचीगों, नारायणपुर थाना क्षेत्र के लटैया और अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के संजोरी और तारातांड़ झिटरी गांव का रहने वाला बताया गया है।
सभी अभियुक्तों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना में कांड दर्ज करते हुए रविवार को न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि एसपी दीपक कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी कि 8 शातिर साइबर अपराधी तारापीठ मंदिर से पूजा करके लौट रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम गठित कर फतेहपुर के पास सभी साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी साइबर अपराधी इनोवा वाहन से पूजा करने के लिए तारापीठ मंदिर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि साइबर अपराध के जरिए साइबर अपराधियों ने लाखों की संपत्ति अर्जित की है। पुलिस इनके पुराने इतिहास और मोबाइल को खंगालने में जुट गई है।
