
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने वित्तीय बजट को विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकास को समर्पित बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों, श्रमिकों, शोषित- वंचित वर्गों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्गीय समाज को समर्पित है। इस बजट में महिलाओं के लिए तीन लाख करोड़ रुपये, युवाओं को रोज़गार देने, किसानों की आय बढ़ाने और गरीब जनता को राहत देने के कई लाभकारी घोषणाएं की गई हैं। इस बजट में ग़रीबों के लिए संवेदना है और भविष्य के दूर दृष्टि भी। आम करदाताओं को भी बजट में बड़ी राहत देते हुए स्टैण्डर्ड डिडक्शन को बढ़ाकर 50 हज़ार से 75 हज़ार रुपये किया गया है।


बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों के समग्र विकास पर केंद्रित: राकेश सिंह
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला महामंत्री राकेश सिंह ने कहा कि बजट गरीब, महिलाओं, युवाओं, किसानों समेत सभी वर्गों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जिसमें कृषि उत्पादन, रोजगार, शहरी विकास, रिसर्च, नई पीढ़ी के लिए सुधार पर फोकस किया गया है। देश के 5 करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप देने, पीएम सूर्य घर योजना के साथ रक्षा मंत्रालय के लिए अब तक के सबसे अधिक डिफेंस बजट की घोषणा अत्यंत सराहनीय और सकारात्मक है।


