
जमशेदपुर।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा अपने क्षेत्र में एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर निरीक्षण किया गया, जहां नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दुकानदारों और विक्रेताओं से लगभग 5 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया। इसके साथ ही दोषी पाए गए लोगों पर ₹2500 का जुर्माना भी लगाया गया।
यह अभियान विशेष पदाधिकारी श्री विश्वजीत महतो के नेतृत्व में संचालित हुआ। इसमें श्री ज्योतिपुंज, सिटी मैनेजर (JNAC) एवं श्री अनिल कुमार सक्सेना, कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की सक्रिय भागीदारी रही।
अभियान के दौरान दुकानदारों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जागरूक किया गया और भविष्य में इसके उपयोग, भंडारण व बिक्री से पूर्णतः परहेज़ करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन पर आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी।
JNAC ने आम नागरिकों, व्यापारियों एवं संस्थानों से अपील की है कि वे पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाएं और स्वच्छ, हरित व सुरक्षित जमशेदपुर के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।


