
जमशेदपुर.
झारखंड के जमशेदपुर स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने के कारण उसमें सवार दो युवकों और दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह(युविका सिंह)) भी शामिल हैं.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मानगो में मोबाइल छिनतई का खुलासा, CCTV से पहचान के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवाओं की पहचान कर ली गई है. मृतकों में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह(युविका सिंह)) शामिल हैं.
सड़क किनारे खड़े ट्रक में मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चारों लोग सफेद रंग की कार में सवार होकर मरीन ड्राइव से गुजर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी.
राहत-बचाव कार्य और पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने व्यक्त की संवेदना
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के जरिए गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि किसी संतान को खोने का दर्द माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय है. इस घटना के बाद से ही मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.

