जमशेदपुर: झारखण्ड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के उपरांत जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव हॉट सीट बन गई है। यूं तो नगर परिषद के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशी अपनी पार्टी के सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं उसके बाबजूद राजनीतिक दलों द्वारा अपने अपने पार्टी की ओर से प्रत्याशी की घोषणा की जा रही है। भाजपा और झामुमो की ओर से प्रत्याशी की घोषणा के उपरांत ज़ुबानी जंग तेज़ हो गई है। भाजपा के फायर ब्रांड नेता अभय सिंह जिन्हें कोल्हान में युवा हिन्दू हृदय सम्राट कह कर संबोधित करते हैं, वे लगातार झारखण्ड के कद्दावर मुस्लिम चेहरा माने जाने वाले झारखण्ड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान पर यह कहते हुए निशाना साध रहे हैं कि जुगसलाई में बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण मुस्लिम जनसंख्या पच्चीस हजार पार कर गई है जिसे एसआईआर लागू कर दस हजार किया जाएगा। ज्ञात हो कि हाजी हिदायतुल्ला खान की धर्मपत्नी नौशीन खान जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। भाजपा नेता अभय सिंह के द्वारा जारी सोशल मीडिया के बयान के उपरांत हिदायतुल्ला खान ने कहा है कि घाटशिला विधानसभा उप चुनाव में बांग्लादेशी और घुसपैठियों के नारा को जनता ने बुरी तरह से नकार दिया था,अब जुगसलाई के लोगों को एसआईआर के नाम पर डराया जा रहा है, उन्होंने कहा कि जुगसलाई के एक भी वोटर का नाम वे कटने नहीं देंगे। इस से पूर्व आज वार्ड संख्या 03, जामा मस्जिद के समीप आयोजित नुक्कड़ सभा में क्षेत्र की जनता से हाजी हिदायतुल्ला खान रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को जाना। श्री खान ने स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की और लोगों के मिल रहे अपार समर्थन के लिए उनका आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा यह उमड़ता जनसैलाब बता रहा है कि जुगसलाई अब बदलाव के लिए तैयार है।मेरी आप सभी से अपील है कि आने वाली चुनाव तिथि 23 फरवरी को ‘बेंच छाप’ क्रम संख्या 5 पर मोहर लगाकर भारी मतों से विजयी बनाएं। आपका एक वोट तरक्की की नई इबारत लिखेगा।




