
जमशेदपुर ।बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी रणनीतियों की रूपरेखा तैयार करना था। बैठक में जिला महामंत्री और सभी प्रखंड प्रभारियों ने प्रमुखता से हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह के स्वागत संबोधन से हुई, जिसके बाद उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने 13 सूत्रीय अहम विषयों को बैठक के पटल पर रखा।

चुनाव आयोग की मैपिंग और बूथ सशक्तिकरण पर जोर
बैठक को विस्तार से संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने चुनाव आयोग द्वारा की जा रही मैपिंग (SIR) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी BLA-2 सदस्य सरकार द्वारा बूथवार नियुक्त BLO से तत्काल संपर्क स्थापित करें। मैपिंग की पूरी जानकारी प्राप्त कर सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, जल्द से जल्द सभी बूथों पर BLA-2 के गठन का कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश प्रभारियों को दिया गया।
हर महीने की 10 तारीख को होगी प्रखंड कमिटी की बैठक
संगठन की गतिविधियों को तेज करने के लिए यह तय किया गया कि प्रखंड संगठन प्रभारी हर महीने की 10 तारीख को प्रखंड कांग्रेस कमिटी की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करेंगे। यह बैठक प्रखंड अध्यक्ष की अध्यक्षता में निर्देशित गाइडलाइन के तहत होगी। इस दौरान प्रखंड कमिटी, मंडल कमिटी, पंचायत कमिटी और बूथ कमिटी का जमीनी सत्यापन किया जाएगा, ताकि संगठन के सभी अधूरे कार्यों को आपसी सहयोग से समय पर पूरा किया जा सके।
जन-मुद्दों पर आंदोलन और नुक्कड़ सभा का निर्देश
परविंदर सिंह ने जन सरोकार के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को लेकर कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएं। प्रखंड स्तर पर जनता की समस्याओं को संकलित कर प्रशासन को मांग पत्र सौंपा जाए। जरूरत पड़ने पर जन-मुद्दों को लेकर जोरदार आंदोलन और नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएं। बैठक में पंचायत स्तर पर नेतृत्व को मजबूत करने पर भी विशेष चर्चा हुई और समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूर्ण करने पर बल दिया गया।
बैठक में इन प्रभारियों ने लिया मजबूती का संकल्प
बैठक का सफलतापूर्वक संचालन उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने किया। मौके पर मौजूद सभी महामंत्रियों और प्रखंड प्रभारियों ने जिलाध्यक्ष को पूरा सहयोग देने और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। इनमें साकची से राजेश चौधरी, गोलमुरी से कौशल प्रधान, टेल्को से गुरदीप सिंह काके, मानगो नगर से अजय कुमार मिश्रा, जुगसलाई से सुनील प्रसाद, जुगसलाई नगर से परविंदर सिंह सोहल, ग्रामीण से राकेश साहू, पोटका से अपर्णा गुहा, मुसाबनी से सुबोध सिंह सरदार और घाटशिला से राजकिशोर प्रसाद ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके अलावा राजकिशोर यादव, के के शुक्ला, ब्रजेन्द्र तिवारी, आशुतोष सिंह और फिरोज खान ने भी बैठक में विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।



