
जमशेदपुर।

मानगो नगर निगम चुनाव की मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि वे जनता की सेवक के तौर पर काम करेंगी और क्षेत्र में रुके विकास कार्यों को तेज गति देंगी।
विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा
सुधा गुप्ता ने समर्थकों के साथ मानगो बगानबस्ती, बालीगुमा, मुंशी मोहल्ला, गुरुद्वारा रोड, उलीडीह, राजेन्द्र नगर, कुंवर सिंह रोड, सुमन होटल, डिमना रोड, राजस्थान भवन, कोहिनूर टावर रोड नंबर 1, ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 13, मोतीमहल और जवाहरनगर सहित कई इलाकों में पदयात्रा निकाली।
डोर-टू-डोर जनसंपर्क के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया और “सुधा गुप्ता जिंदाबाद” के नारे लगाए। समर्थकों ने जनता से कार्पेट चुनाव चिन्ह (क्रम संख्या 11) पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
विकास को मिलेगी नई गति
सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो क्षेत्र में कई विकास कार्य अधूरे हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि जनता की आवाज बनकर वे मेयर के रूप में काम करेंगी और लंबित योजनाओं को धरातल पर उतारेंगी।
कचरा और बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता
सुधा गुप्ता ने कचरा निष्पादन के स्थायी समाधान, नियमित साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और गली-मोहल्लों में सड़कों के निर्माण को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम की स्थापना का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल और उत्साह देखने को मिला।



