
जमशेदपुर.

सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन एवं तुलसी भवन, बिष्टुपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को आयोजित वसंतोत्सव साहित्य, संगीत और रचनात्मक अभिव्यक्तियों का यादगार उत्सव बनकर संपन्न हुआ. दोपहर 1:30 बजे आरंभ हुए इस कार्यक्रम में शहर के साहित्यप्रेमियों और कला अनुरागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.
वसंतोत्सव के अंतर्गत निनाद (NINAAD) मंच द्वारा आयोजित ओपन माइक और भजन जैमिंग सत्र श्रोताओं को भावनाओं, शब्दों और सुरों की यात्रा पर ले गए. कार्यक्रम में कवि, कवयित्रियों, गायकों और हास्य कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से समां बांध दिया.
ओपन माइक सत्र में कवि निशांत सिंह, होस्ट व गायिका–कवयित्री पूनम महानन्द, हास्य कलाकार जय कुमार शाही, कवयित्री क्षमाश्री दुबे, शैली बनर्जी, संदीप सिंह गौतम, शुभम पांडेय, आरती शर्मा, गायिका तेजस्विनी, कवयित्री चंदन अंजू मिश्रा, हास्य कलाकार अमित प्रसाद एवं कवि समर प्रदीप ने अपनी रचनाओं और प्रस्तुतियों से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और भावुक भी किया.
वहीं भजन जैमिंग सत्र में कीबोर्ड वादक हिमांशु महतो, बीटबॉक्सर द डार्क वॉइस (चंद्रमोहन सोरेन), रैपर अघोरी (प्रणीत श्रीवास्तव), गायक विनय कश्यप एवं गायिका पूनम महानन्द ने भक्ति और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम से वातावरण को संगीतमय बना दिया.
कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने हर प्रस्तुति पर तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. आयोजकों ने बताया कि वसंतोत्सव का उद्देश्य स्थानीय रचनाकारों और कलाकारों को मंच देना तथा साहित्य और संगीत के माध्यम से समाज को जोड़ना रहा, जिसमें यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा.
कार्यक्रम का संचालन पूनम महानंद ने किया. इसके सफल आयोजन पर आयोजक मंडल ने सभी कलाकारों, सहभागियों एवं उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया.



