
जमशेदपुर, । पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-6, जमशेदपुर के वाहिनी मुख्यालय में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद स्मारक और परेड ग्राउंड में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जैप-6 के समादेष्टा राजेश कुमार (आईपीएस) ने शहीद स्मारक पर पुष्पमाला अर्पित कर कर्तव्य पालन के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया।
इसके बाद वाहिनी के परेड ग्राउंड में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में विशेष परेड हुई। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने अनुशासित तरीके से अपने दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि दी।
झारखंड के तीन शहीद पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े गए
समारोह के दौरान समादेष्टा राजेश कुमार ने वर्ष 2025-26 में झारखंड में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए तीन पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के नाम पढ़े।
इनमें शामिल हैं:
पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत भगत
आरक्षी सुनील राम
आरक्षी संतान कुमार मेहता
इन तीनों पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करते हुए वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सलामी शस्त्र और शोक शस्त्र के साथ दी गई श्रद्धांजलि
शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में आयोजित परेड के दौरान सलामी शस्त्र और शोक शस्त्र की कार्रवाई की गई।इसके बाद सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।इस दौरान परेड ग्राउंड में गंभीर और भावपूर्ण वातावरण रहा।
READ MORE :DEOGHAR NEWS: महाअष्टमी पर बाबा नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां दुर्गा के दर्शन के लिए पंडालों में लगी लंबी कतारें
हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
देशभर में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में समर्पित है।इस दिवस का ऐतिहासिक संबंध 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में हुए हमले से है, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दस जवान शहीद हुए थे।इस दिन देशभर की पुलिस इकाइयों में शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान रहे उपस्थित
जैप-6 के वाहिनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे।सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।



