जमशेदपुर।
झारखंड सरकार के आदिवासी कल्याण विभाग की ओर से पोटका प्रखंड के टांगरसाई गांव में स्वीकृत जाहेरथान घेराबंदी कार्य का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत रूप से किया। यह घेराबंदी करीब 21 लाख रुपये की लागत से की जाएगी।
अबुआ सरकार की योजनाएं समाज को सशक्त बना रही – विधायक
विधायक संजीव सरदार ने शिलान्यास के दौरान कहा कि झारखंड सरकार झारखंडियों के हित में निरंतर योजनाएं धरातल पर उतार रही है। आदिवासी कल्याण सरकार की हमेशा प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि धुमकुड़िया, जाहेरथान घेराबंदी, आदिवासी छात्रावास, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, और मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय योजना जैसी योजनाएं समाज को मजबूती देंगी और युवाओं को रोजगार से जोड़ेंगी।
विधायक श्री सरदार ने आमजन से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और समाज को आगे बढ़ाएं। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ झामुमो और महागठबंधन के कई नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य हीरामणि मुर्मू, पूर्व जिप सदस्य चंद्रावती महतो, झामुमो नेता सुनील महतो, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, मुखिया पानो सरदार, पंसस छबि दास, कांग्रेस नेता आनंद दास, ग्राम प्रधान जयहरी सरदार समेत अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।




