
जमशेदपुर। शहर में रविवार को सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित मैराथन दौड़ का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व सांसद विद्युत वरण महतो ने किया। शहर के विभिन्न इलाकों से आए हजारों प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की इस मैराथन में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

विधायक, पद्मश्री व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद के अलावा जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पूर्व विधायक पूर्णिमा साहू, पद्मश्री और द्रोणाचार्य अवॉर्डी पूर्णिमा महतो, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरव तिवारी, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट अवतार सिंह, गुरुशरण सिंह, क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री राजीव कुमार, महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और खेल जगत की दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।
सांसद बोले—खेल समाज को मजबूत बनाने का साधन
सांसद विद्युत वरण महतो ने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल जीत-हार सिखाता है, बल्कि समाज को मजबूत करने का भी सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने वाली शक्तियों का मुकाबला करने के लिए समाज को सशक्त बनाना बेहद आवश्यक है, और खेल इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
READ MORE :Indian Railways IRCTC :कोहरे ने रोकी रफ्तार, बिहार–झारखंड की 24 ट्रेनें तीन महीने तक रद्द, देखें लिस्ट
पुरुष वर्ग के परिणाम
मैराथन के पुरुष वर्ग में मुकेश कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सृजन मिश्रा दूसरे और आर्यन मुखी तीसरे स्थान पर रहे। निखिल भुइयां को चौथा और चंदन मांझी को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ।
महिला वर्ग के परिणाम
महिला वर्ग में शोभा महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिल्कि पारियां दूसरे, गिया हेंब्रम तीसरे, सोनाली गुड़िया चौथे और किरण सिरका पांचवें स्थान पर रही।
विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र और आकर्षक पुरस्कार राशि प्रदान की गई। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान पर 20,000 रुपये, द्वितीय पर 15,000 रुपये, तृतीय पर 10,000 रुपये तथा चौथे और पांचवें स्थान विजेताओं को 5,000-5,000 रुपये दिए गए।
कई संगठनों का सहयोग
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में टाटा स्टील फाउंडेशन, क्रीड़ा भारती, पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जय हो, जय हिंद, सिंहभूम एथलेटिक्स एसोसिएशन, सिंहभूम मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
टी-शर्ट और जलपान की व्यवस्था
आयोजन से पूर्व प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान किए गए जबकि दौड़ पूर्ण होने के बाद जलपान की व्यवस्था की गई। मंच से सांसद, विधायक तथा उपस्थित खेल हस्तियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देशभर में लोकसभा स्तर पर ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं में खेल भावना और टीमवर्क की संस्कृति विकसित हो रही है।










