जमशेदपुर। विभागीय निर्देशानुसार शुक्रवार 19 दिसंबर 2025 को मध्य विद्यालय, बामनगोड़ा में तृतीय शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद, पूर्वी सिंहभूम के उपाध्यक्ष पंकज जी तथा विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद एवं शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार यादव उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। बाल संसद के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
READ MORE :Jamshedpur News :जेसीआई जमशेदपुर रॉयल्स का दो दिवसीय भव्य क्रिकेट लीग 20 दिसंबर से
बैठक में प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध खेल सामग्री, प्रयोगशाला, आईसीटी लैब, शिक्षकों द्वारा लर्निंग गैप कम करने के प्रयासों तथा सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं—जैसे पोशाक, स्कूल किट, मध्यान्ह भोजन, कक्षा 8 के विद्यार्थियों को साइकिल, एससी/एसटी/ओबीसी छात्रवृत्ति—की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों का आधार और बैंक खाता शीघ्र खुलवाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर बाल संसद सदस्य एवं कक्षा 7 की छात्रा खुशी पात्रा ने विद्यालय की चारदीवारी निर्माण और विद्यालय को उच्च विद्यालय में उत्क्रमित करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि चारदीवारी नहीं होने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने और विद्यालय संपत्ति को नुकसान पहुंचने की समस्या रहती है।
अतिथि शिक्षाविद सुनील कुमार यादव ने विद्यालय विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। वहीं मुख्य अतिथि पंकज जी ने विद्यालय की चारदीवारी शीघ्र निर्माण कराने और विद्यालय को मैट्रिक स्तर तक उत्क्रमित करने के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि उपाध्यक्ष पंकज जी और पंचायत मुखिया प्रभु राम मुंडा के प्रयास से विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए दो-दो शौचालयों का निर्माण पूर्ण हुआ है, जिस पर अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
बैठक के दौरान पिछले तीन माह से शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले 11 विद्यार्थियों और रेल परीक्षा में कक्षा 1 से 8 तक अव्वल आए 8 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका किरण प्रतिमा कुजूर ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक सुनील कुमार ने किया। बैठक में शिक्षकगण एवं सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे।




