
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित ब्रह्मानंदम शिक्षायतम में रविवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की शुरुआत शिक्षायतम के संरक्षक मोनू बिंदु भट्टाचार्जी एवं प्राचार्य सोमा भट्टाचार्जी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया. तत्पश्चात उन्होंने शिक्षायतम के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए शिक्षक और शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला. समारोह में बासुरी वादक सह शिक्षक अशोक दास, कत्थक शिक्षिका सोमी दास व मोनी दीपा बनर्जी को सम्मानित किया गया.


समारोह में शिक्षायतम (विद्यालय) के विद्यार्थियों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये, जिसमें गीत, नृत्य आदि शामिल थे. इस क्रम सर्वप्रथम ब्रह्मानंदम शैली में विद्यार्थियों ने “मधुरम मूर्ति…” शिव वंदना प्रस्तुत की. ब्रह्मानंदम शैली में ही विद्यार्थियों ने शब्दम् शीर्षक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति की. इसके बाद क्रमशः लोक नृत्य, बॉलीबुड डांस “छम छम छम…”, ब्रह्मायतम शैली में इंस्ट्रूमेंटल डांस, स्पेनिश गिटार ट्रूप प्रस्तुति, रविंद्र संगीत पर कत्थक नृत्य तथा कोलकाता से आमंत्रित अतिथि कलाकार शिवनाथ बनर्जी की ओडिशी नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही. धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह संपन्न हुआ. इसमें शिक्षायतम के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों की सराहनीय भूमिका रही.


