
जमशेदपुर:
टाटा स्टील की टीम ने एक बार फिर खेल जगत में अपना दबदबा साबित करते हुए एसपीएसबी (स्टील प्लांट स्पोर्ट्स बोर्ड) तैराकी चैंपियनशिप 2025 का खिताब जीत लिया। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में टाटा स्टील ने कुल 34 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

राउरकेला स्टील प्लांट (RSP) की टीम ने 16 अंकों के साथ उपविजेता का खिताब जीता, जबकि इस्को स्टील प्लांट (ISP), बर्नपुर ने 15 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
इस चैंपियनशिप में कुल पाँच टीमों ने भाग लिया – टाटा स्टील, इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर, राउरकेला स्टील प्लांट, दुर्गापुर स्टील प्लांट और राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL)। खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।
समापन समारोह के दौरान टाटा स्टील के चीफ एलडी1 हरि बाबू ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष श्री संजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय तैराक राम बालक सिंह ने प्रतियोगिता की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आब्जर्वर की भूमिका निभाई। आयोजन के सफल संचालन के पीछे टाटा स्टील खेल विभाग के अधिकारियों फिरोज़ खान और संजय कुमार मिश्रा का अहम योगदान रहा।
प्रतियोगिता में युवाओं का उत्साह देखने लायक था, जो तैराकी जैसे खेल को प्रोफेशनल स्तर पर अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। टाटा स्टील का यह प्रयास देश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल और अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।


