
Jamshedpur News: बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर टाउन हॉल, सिदगोड़ा में जिला शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आहूत इस बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एएसपी, एसडीएम घाटशिला समेत जिले के सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी और शांति समिति के प्रबुद्ध सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
संवेदनशीलों स्थलों पर रहेगी पैनी नजर, तैनात होगा अतिरिक्त पुलिस बल
बैठक को संबोधित करते हुए सिटी एसपी ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जमशेदपुर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को दें।
सोशल मीडिया की होगी मॉनिटरिंग, अफवाहों पर लगेगा लगाम
एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा ने त्योहार के शांतिपूर्ण आयोजन में सभी नागरिकों और समुदायों की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि सोशल मीडिया (फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम) पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अपुष्ट खबर को प्रसारित न करें। प्रशासन की सोशल मीडिया सेल हर एक पोस्ट पर पैनी नजर रख रही है। किसी भी अफवाह पर ध्यान देने के बजाय सीधे प्रशासन से उसका सत्यापन कराएं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनन सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिजली-पानी और साफ-सफाई की मिलेगी निर्बाध सुविधा
READ MORE..INDIAN RAILWAYS NEWS: Indian Railways Extends Patna and Introduces New Jhansi Summer Special Trains
उपायुक्त राजीव रंजन ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागों (नगर निकाय, बिजली विभाग और पीएचईडी) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान शहर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि जमशेदपुर हमेशा की तरह इस बार भी आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश करेगा।


