जमशेदपुर : मानगो स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में रविवार को “होला-महल्ला” के उपलक्ष्य में खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाबा बंदा सिंह बहादर गतका अखाड़ा के तत्वावधान में धर्म प्रचार कमेटी एवं गुरुद्वारा श्री सिंह सभा मानगो के सहयोग से किया गया।
इस धार्मिक-सांस्कृतिक खेल आयोजन में 157 सिख बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने न केवल खेल प्रतिभा दिखाई, बल्कि सिख इतिहास और परंपराओं से भी रू-ब-रू हुए।
READ MORE :Adityapur News :शांतिनगर सोसाइटी में हर्षोल्लास के साथ मना होलिकोत्सव, भाईचारे का दिया संदेश
सबसे तेज धावक बने जसविंदर और जसप्रीत
सीनियर वर्ग में जसविंदर सिंह और बालिका वर्ग में जसप्रीत कौर को इस वर्ष का सबसे तेज धावक घोषित किया गया। जूनियर वर्ग में संदीप सिंह ने बाजी मारी, जबकि 12 वर्ष आयु वर्ग में पृथ्वीराज सिंह और गुरसिमरन कौर ने स्वर्ण पदक जीता।
गोला फेंक में हर्षप्रीत सिंह पहले स्थान पर रहे, जबकि दंड बैठक प्रतियोगिता का खिताब भी उन्होंने अपने नाम किया। प्रतियोगिता में अमृत कौर, सिमरन कौर, हरहप्रीत सिंह, हरजीत सिंह सहित कई प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अभिभावकों के लिए भी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों के लिए भी दौड़ और गोला फेंक जैसे मुकाबले आयोजित किए गए। महिलाओं की दौड़ में अमनदीप कौर विजेता रहीं, जबकि नवनीत कौर ने गोला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
READ MORE :Jamshedpur News :मंदिरों के पवित्र फूलों से निर्मित हर्बल गुलाल से पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण की पहल
इतिहास से कराया परिचय
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य आयोजक एवं गुरुद्वारा के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने होला-महल्ला के इतिहास और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पर्व साहस, शौर्य और सामुदायिक एकता का प्रतीक है।
प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, बोरी दौड़, स्पून-मार्बल दौड़, टोकरी गेंद दौड़ और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। अंत में सभी विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन सिख समुदाय के बच्चों में खेल भावना, साहस और गुरु परंपरा के मूल्यों को सशक्त करने का प्रेरणादायक मंच बना।




