
जमशेदपुर.


विभिन्न मांगों को लेकर 23नवंबर को यूनियन बैंक में हड़ताल रहेगी. इसी संदर्भ में आज यानि बुधवार को यूनियन बैंक के बिष्टुपुर स्थित मुख्य शाखा के समक्ष यूनियन बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन, झारखंड स्टेट के आह्वान पर तथा सिंहभूम डिस्ट्रिक्ट बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन के तत्वावधान में एक जुझारू प्रदर्शन आयोजित किया गया. विदित हो कि पिछले दिनों पूरे झारखंड में यूनियन बैंक के प्रबंधन के मनमानी तथा अनुचित श्रम-व्यवहार के विरोध में यूनियन बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन
झारखंड स्टेट के बैनर तले कर्मचारियों ने तीव्र संघर्ष छेड़ रखा है. उसी कड़ी में आज का प्रदर्शन आयोजित किया गया था.आन्दोलनकारियों की प्रमुख मांगे हैं –
लिपिक संवर्ग में पर्याप्त नियुक्ति करना, अस्थाई/आकस्मिक कर्मचारियों का स्थायीकरण, उन्हें सरकारी नियमों के अनुसार न्यूनतम मजदूरी देना, डेपुटेशन के नाम पर हो रहे अनुचित श्रम-व्यवहार बंद करना,
नियमों के अनुसार बैंक में काम करवाना आदि.
प्रदर्शन को सिंहभूम डिस्ट्रिक्ट बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन के महासचिव सुजय राय और अध्यक्ष डी एन सिंह ने सम्बोधित किया. आयोजन में ए.के.मैत्रा, सी वेंकट राव, विमान दासगुप्ता, मनोतोष चक्रवर्ती, रामजी सिंह, संजय कुमार, कमलेश सिंह, ग्रेगरी टोप्पो,मुकुल सारीन, सुब्रत कुंडू रोहित सिंह,उमेश सिंह आदि मौजूद थे. प्रदर्शन के बाद प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया.


