जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के बर्नपुर में आयोजित 56वें गुरमत सिख्या कैंप में जमशेदपुर के दो सिख बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। शिविर में जगजोत सिंह को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु (बेस्ट ट्रेनी) और हरवंशपाल सिंह को सबसे सुंदर दस्तार सजाने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी चुना गया। दोनों की उपलब्धि से जमशेदपुर के सिख समाज में खुशी का माहौल है।
गुरुद्वारा साहिब बर्नपुर और द सिख फोरम एंड सिख वेलफेयर एसोसिएशन, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय धार्मिक एवं शैक्षणिक शिविर का समापन 24 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।
जमशेदपुर के 40 बच्चों ने लिया हिस्सा
17 से 24 अक्टूबर तक बर्नपुर गुरुद्वारा परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न शहरों के कुल 290 बच्चों ने भाग लिया। इनमें जमशेदपुर से 40 बच्चे शामिल हुए। इनमें 30 बच्चों ने कैंपर और 10 ने प्रशिक्षु (ट्रेनी) के रूप में पंजीकरण कराया था।
शिविर में बर्नपुर, आसनसोल, रानीगंज, बराकर, बर्दवान, जमशेदपुर, रांची और धनबाद सहित विभिन्न शहरों के गुरुद्वारों से बच्चे पहुंचे थे।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, मानगो के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने जमशेदपुर के सभी प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने जगजोत सिंह और हरवंशपाल सिंह को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां बच्चों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
गुरुमुखी, नितनेम और कीर्तन की मिली शिक्षा
आठ दिवसीय गुरमत सिख्या कैंप में बच्चों को गुरुमुखी लिपि, नितनेम, गुरबाणी पाठ, कीर्तन और सिख रहत मर्यादा का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा सिख गुरुओं के जीवन, बलिदान, सेवा, समानता और मानवता के सिद्धांतों से भी परिचित कराया गया।
शिविर का उद्देश्य नई पीढ़ी को सिख धर्म की शिक्षाओं, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना था। बच्चों ने धार्मिक गतिविधियों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा दिखाई।
READ MORE :Howrah Tatanagar Four Line :रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की बड़ी घोषणा, हावड़ा-खड़गपुर-चाकुलिया-टाटानगर रेल मार्ग होगा फोर लाइन, विस्तार का काम जारी
देश-विदेश के सिख विद्वान और गणमान्य लोग हुए शामिल
समापन समारोह में चंडीगढ़ की पूर्व मेयर हरजिंदर कौर, द सिख फोरम कोलकाता के अध्यक्ष दिलवीर सिंह, महासचिव गुरु शरण सिंह और बाराबनी के विधायक अरिजीत राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अमेरिका के प्रसिद्ध सिख विद्वान डॉ. राजवंत सिंह ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। वहीं श्री आनंदपुर साहिब के ज्ञानी सुखविंदर सिंह रटौल, पंजाब के ज्ञानी शमशेर सिंह, भाई मणि सिंह खालसा कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर सुखमनी कौर और बलजीत कौर ने भी शिविर में योगदान दिया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसवंत सिंह, चरण सिंह, अजीत सिंह, रंजीत सिंह कैरो, सुखबीर सिंह, दलवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, जसवीर सिंह, राजेंद्र सिंह और सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही।


