
जमशेदपुर।

बर्मामाइन्स ट्यूब गेट के पास जुस्को रोड पर वर्षों से लग रहे सब्जी और फल विक्रेताओं के बाजार को हटाने की कोशिश के खिलाफ दुकानदारों का विरोध तेज हो गया है। यह बाजार सैकड़ों गरीब और मेहनतकश परिवारों की आजीविका का एकमात्र साधन है, बावजूद इसके टाटा स्टील द्वारा दुकानों को हटाने, तोड़फोड़ करने और धमकी देने के प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।
READ MORE :Jamshedpur News :हेमंत सरकार में गांव-गरीब को मिला असली हक और सम्मान, विपक्ष बेचैन : संजीव सरदार
पहले भी हो चुका है विस्थापन का प्रयास
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व भी इसी तरह बाजार को हटाने का प्रयास किया गया था, जिसे तत्कालीन विधायक सरयू राय के हस्तक्षेप से रोका गया था। उस समय सभी दुकानदारों को उसी स्थान पर पुनः बसाया गया था।
सड़क चौड़ीकरण के नाम पर जनविरोधी कदम का आरोप
एक बार फिर सड़क चौड़ीकरण अथवा बाउंड्री वॉल निर्माण के नाम पर दुकानदारों को विस्थापित करने की योजना सामने आई है, जिसे दुकानदार और स्थानीय जनप्रतिनिधि जनविरोधी कदम बता रहे हैं।
जदयू के नेतृत्व में हुआ विरोध प्रदर्शन
जनता दल (यूनाइटेड) के बर्मामाइन्स मंडल अध्यक्ष श्री बबलू कुमार और जिला उपाध्यक्ष श्री दुर्गा राव के नेतृत्व में इस कार्रवाई का प्रबल विरोध किया गया। विरोध के बाद टाटा स्टील को बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य तात्कालिक रूप से स्थगित करना पड़ा।
दुकानदारों की स्पष्ट मांग
सब्जी एवं फल विक्रेता सविता देवी, रूना देवी, सतीश झा, रूबी देवी, राकेश यादव, रिंकी सिंह, मनीष गुप्ता, अनिल प्रसाद, निरंजन सिंह, बांके लाल यादव, बबलू साह, सरोज सिंह, दीपक सिंह सहित अन्य दुकानदारों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें वैकल्पिक और स्थायी स्थान पर विधिवत पुनर्स्थापित नहीं किया जाता, तब तक किसी भी दुकान को तोड़ा न जाए।
आंदोलन की चेतावनी
जदयू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकानदारों के हक और रोज़गार के साथ अन्याय हुआ, तो सभी दुकानदार और स्थानीय जनप्रतिनिधि मिलकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष गरीब दुकानदारों के सम्मान और आजीविका की रक्षा के लिए है और न्याय मिलने तक जारी रहेगा।


