
जमशेदपुर । साकची स्थित एक होटल में आज रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान 21 जनवरी को गोलमुरी स्थित होटल विवांता, गोलमुरी में होने वाले नेशनल प्राइड मोमेंट अवार्ड – टैलेंट्स नाइट की विस्तृत जानकारी दी गई। इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री पूनम ढिल्लन सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी।

टैलेंट्स ऑफ जमशेदपुर सीजन-4 से जुड़ी पृष्ठभूमि
प्रेस वार्ता के दौरान रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स की आशा सिंह ने बताया कि टैलेंट्स ऑफ जमशेदपुर सीजन-4 के ग्रैंड फिनाले के समय फ्लाइट रद्द होने के कारण अभिनेत्री पूनम ढिल्लन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकी थीं। उसी क्रम में अब 21 जनवरी को एक विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दर्शकों को कला, संस्कृति और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक संध्या
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में नृत्य, संगीत और राज्य की सांस्कृतिक झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी। यह सांस्कृतिक संध्या देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होगी और समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करेगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक, राजनीतिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सम्मानित व्यक्तियों को नेशनल प्राइड मोमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन लोगों के लिए होगा, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और देश का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे होगी।
प्रवेश व्यवस्था की जानकारी
रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स के सत्यजीत सिंह राजपूत एवं आरफीन अशरफ ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल प्रतिभागियों के लिए ही होगा। सभी प्रतिभागियों को पहले ही प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिससे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
आज की प्रेस वार्ता में रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट्स की ओर से आशा सिंह, सत्यजीत सिंह राजपूत, आरफीन अशरफ, शिवानी ओझा एवं बसंत दास मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


