जमशेदपुर: शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र बिष्टुपुर में बैंकों और उनके ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (नगर) ललित मीणा की अध्यक्षता में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय और शाखा प्रबंधकों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम और आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित सहायता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: सितंबर में 32 सड़क हादसे, 23 मौतें, DC सख्त
बैंक परिसर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
सिटी एसपी ने बैंक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बैंक परिसर के भीतर और आसपास संदिग्ध व्यक्तियों तथा गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।बैठक में बैंक से संबंधित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, ग्राहकों की सुरक्षा और बैंक कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
सिटी एसपी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बैंक प्रबंधन तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करे, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
CCTV कैमरे और अलार्म सिस्टम दुरुस्त रखने का निर्देश
बैठक में बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा की गई। सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और अलार्म प्रणाली की स्थिति पर भी चर्चा हुई।पुलिस ने बैंक प्रबंधनों को निर्देश दिया कि वे सुरक्षा से जुड़े उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से तत्काल संपर्क स्थापित करने और आवश्यक सहायता प्राप्त करने की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैंक प्रबंधन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
सिटी एसपी ने कहा कि बैंक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा संबंधी उपायों का प्रभावी अनुपालन किया जाए और किसी भी संभावित खतरे की सूचना समय पर साझा की जाए।बैठक का उद्देश्य बिष्टुपुर क्षेत्र में बैंकिंग गतिविधियों के दौरान ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा बैंक से जुड़ी आपराधिक घटनाओं की आशंका को कम करना था।
READ MORE :JAMSHEDPUR WEATHER ALERT: चक्रवाती सिस्टम का असर, पूर्वी सिंहभूम में 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और वज्रपात की आशंका, DC ने जारी किया अलर्ट
बैठक में बैंक प्रबंधक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, शाखा प्रबंधक, सहायक पुलिस अधीक्षक मुख्यालय-01, पुलिस उपाधीक्षक नगर क्षेत्र और बिष्टुपुर थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी तथा आवश्यक सावधानियों के पालन का निर्देश दिया गया।


