
जमशेदपुर: बेल्डीह गोल्फ कोर्स में आयोजित परवेज मेहता चैंपियनशिप 2026 में रुपेश कतियार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता सिंगल्स मैच प्ले प्रारूप में आयोजित की गई, जिसमें कुल 64 गोल्फरों ने हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में हमीद रजा खान उपविजेता रहे। नीरज अग्रवाल ने दूसरा उपविजेता स्थान हासिल किया, जबकि नीरज सिन्हा तीसरे उपविजेता रहे।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। विभिन्न चरणों में हुए मैचों में खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, रणनीति और धैर्य का प्रदर्शन किया। अंतिम दौर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रुपेश कटारिया चैंपियन बनने में सफल रहे।
परवेज मेहता चैंपियनशिप जमशेदपुर में गोल्फ के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। यह प्रतियोगिता शहर के गोल्फरों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने के साथ-साथ खेल भावना और गोल्फ के प्रति रुचि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस चैंपियनशिप का नाम क्लब के पुराने सदस्य परवेज मेहता की स्मृति से जुड़ा है। परवेज मेहता 1954 से पहले ही क्लब के सदस्य बन चुके थे। कार्नेगी मेलॉन यूनिवर्सिटी से शिक्षा पूरी करने के बाद वे टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी (वर्तमान में टाटा स्टील) में काम करने के लिए जमशेदपुर लौटे थे। उन्हें फिदो बरूचा द्वारा क्लब में शामिल कराया गया था।
उस दौर में क्लब में भारतीय सदस्यों की संख्या काफी कम थी और उनमें अधिकांश टिस्को के कर्मचारी थे। ऐसे समय में परवेज मेहता का क्लब से जुड़ना एक महत्वपूर्ण घटना माना गया। गोल्फ और क्लब से उनके जुड़ाव की विरासत आज भी परवेज मेहता टूर्नामेंट के माध्यम से कायम है।परवेज मेहता टूर्नामेंट को जमशेदपुर का एकमात्र सिंगल्स मैच प्ले टूर्नामेंट होने का गौरव प्राप्त है। वर्ष 2026 की प्रतियोगिता में रुपेश कटरियार ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

