जमशेदपुर.
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के चौथे एवं अंतिम दिन जमशेदपुर खटीक समाज की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कदमा के शास्त्री नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में महाप्रसाद वितरण के साथ-साथ समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया. यह आयोजन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समरसता का एक सुंदर उदाहरण बना.
प्रमुख हस्तियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रख्यात समाजसेवी पप्पू सोनकर एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा संघर्ष के प्रतीक धर्मेंद्र सोनकर के माध्यम से पधारे अतिथियों का स्वागत किया गया. इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया.
सम्मानित होने वाले प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों में शामिल हैं-
सुधीर कुमार पप्पू – जमशेदपुर न्यायालय के जाने-माने अधिवक्ता एवं प्रख्यात समाजसेवी.
अन्नी अमृता – जमशेदपुर की चर्चित एवं निडर पत्रकार सह लेखिका तथा जमशेदपुर पश्चिम की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी
रवि झा- वरिष्ठ पत्रकार
ब्रजेश सिंह–वरिष्ठ पत्रकार
सुरेश सोंथालिया–पूर्व अध्यक्ष, सिंहभूम चैंबर ऑफ काॅमर्स
और अन्य गणमान्य लोग..
गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में कई गणमान्य लोगों की सक्रिय उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू के साथ पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार, पुलिस पदाधिकारी शिवम राज, कुशवाहा कल्याण परिषद जमशेदपुर के सदस्य रमेश कुशवाहा व दिनेश कुशवाहा, सोनारी थाना शांति समिति के वरीय सदस्य, और आर.आर. होम कंस्ट्रक्शन के ओनर प्रदीप लाल तथा हरी दास शामिल रहे. कार्यक्रम के आयोजन में बबलू झा और टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
सामाजिक समरसता का संदेश
आयोजकों का कहना है कि खटीक समाज द्वारा वर्षों से छठ पूजा के उपरांत महाप्रसाद वितरण की यह गौरवशाली परंपरा निभाई जाती रही है. ऐसे आयोजन समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोने और आपसी प्रेम एवं सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं.
कार्यक्रम के अंत में छठी मइया और भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई.


