
जमशेदपुर


राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी नेशनल इंस्टिट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) 2025 में इंजीनियरिंग संस्थानों की सूची में 82वां स्थान प्राप्त किया है. संस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर 31 एनआईटी में से 17वां स्थान भी मिला है, जो बीते वर्षों की तुलना में एक उल्लेखनीय सुधार है.
इस उपलब्धि पर आज संस्थान के बोर्ड रूम में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए इस सफलता को संस्थान की सामूहिक मेहनत और सम्मिलित प्रयास का परिणाम बताया.उन्होंने कहा,
> “यह उपलब्धि फैकल्टी, शोधकर्ताओं, छात्रों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों की निरंतर मेहनत और प्रतिबद्धता का प्रमाण है. हम रैंकिंग को और बेहतर करने की दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.”
सुधार के लिए साझा किया गया बहु-वर्षीय रोडमैप
————-
प्रेस वार्ता में संस्थान के नेतृत्व ने भविष्य की योजनाओं और सुधार के क्षेत्रों पर भी विस्तृत चर्चा की.
NIRF नोडल अधिकारी प्रो. सतीश कुमार ने बताया कि फैकल्टी अब उच्च गुणवत्ता वाले शोध प्रकाशनों, अंतःविषय परियोजनाओं और उद्योग प्रायोजित अनुसंधान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.
वहीं रजिस्ट्रार कर्नल (डॉ.) निशिथ कुमार राय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना और गुणवत्तापूर्ण शोध उत्पादन को प्राथमिकता देना संस्थान की प्रमुख रणनीति होगी.
प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु:
—————-
संस्थान की प्रमुख ताकतें:
फैकल्टी की गुणवत्ता, सक्रिय शोध पहलकदमियाँ, मजबूत उद्योग सहयोग और बेहतर प्लेसमेंट परिणाम.
सुधार के प्राथमिक क्षेत्र:
———
•शोध प्रभाव बढ़ाना
•उद्योग-समर्थित परियोजनाओं में वृद्धि
•अंतरराष्ट्रीय सहयोग का विस्तार
•छात्र सहायता प्रणालियों का सुदृढ़ीकरण
आगे की रणनीतियाँ और पहलें:
—————
*शोध संस्कृति को सशक्त करना: उच्च प्रभाव वाले प्रकाशनों के लिए प्रोत्साहन, अनुदान प्राप्ति और अंतःविषय अनुसंधान.
*उद्योग भागीदारी: लक्षित सहयोग कार्यक्रम, प्रायोजित रिसर्च चेयर और परियोजनाएँ.
*छात्र सहायता: करियर सर्विसेज, इंटर्नशिप, उद्यमिता में मेंटरिंग और सॉफ्ट स्किल विकास.
अंतर्राष्ट्रीयकरण: विदेशी विश्वविद्यालयों से MoU, संयुक्त शोध, छात्र एवं फैकल्टी एक्सचेंज.
*इन्फ्रास्ट्रक्चर : आधुनिक प्रयोगशालाएँ, डिजिटल लर्निंग संसाधन और स्मार्ट क्लासरूम.
इस अवसर पर संस्थान के उप कुलसचिव सह मीडिया प्रभारी श्री सुनील कुमार भगत भी उपस्थित थे. संस्थान के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रुप से कहा कि एनआईटी जमशेदपुर की यह उपलब्धि उसके शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध उन्मुख दृष्टिकोण को दर्शाती है और आने वाले वर्षों में और बेहतर रैंकिंग की उम्मीदों को बल देती है.


