जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तरी करनडीह में गुरुवार को पंचायत भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया।
पंचायत भवन बनेगा विकास का केंद्र संजीव सरदार
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा, “यह पंचायत भवन सिर्फ ईंट और पत्थरों की इमारत नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और विकासात्मक आकांक्षाओं का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि इस भवन के माध्यम से पंचायत स्तर की बैठकों, सरकारी योजनाओं के संचालन और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्रतिबद्ध – विधायक
विधायक श्री सरदार ने भरोसा दिलाया कि झारखण्ड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास हेतु पूरी तरह संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी कई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिनका सीधा लाभ ग्रामीण जनता को मिलेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास में भागीदार बनें और योजनाओं को सफल बनाने में सहयोग करें। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज, जिला परिषद सदस्य पुर्णिमा मल्लिक, झामुमो के पूर्व जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, प्रखंड सचिव जगत मार्डी, पप्पू उपाध्याय, मनोज नाहा, शंकर हेंब्रम, अनिल मुंडा, मुखिया मायावती टुडू, मुखिया सिनी सोरेन, पसंस द्रोपदी मुंडा, नीता सरकार, दीपक पाल, कन्हाई हेंब्रम, सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण मौजूद थे।





