घाटशिला।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन ने अपना जनाधार मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। शनिवार को गुड़ाबांधा मंडल अंतर्गत सिंहपुरा हाट मैदान में आयोजित पंचायत स्तरीय बूथ सम्मेलन में भाजपा और आजसू के शीर्ष नेताओं ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
इस कार्यक्रम में सहयोगी दल ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) के सुप्रीमो सुदेश महतो और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। दोनों नेताओं की मौजूदगी से सम्मेलन का माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा। मंच से नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और घर-घर तक विकास का संदेश पहुँचाने का आह्वान किया।
सुदेश महतो ने कहा कि भाजपा और आजसू का गठबंधन झारखंड के विकास और स्थिरता की गारंटी है। उन्होंने कहा, “यह चुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि यह झारखंड के भविष्य की दिशा तय करेगा। कार्यकर्ता संकल्प लें कि हर बूथ पर कमल खिले और भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन भारी मतों से विजयी हों।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जनता तक केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और झारखंड को भी उसी विकास यात्रा से जोड़ना जरूरी है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने भी कहा कि सिंहपुरा हाट मैदान में उमड़ी यह भीड़ साबित करती है कि घाटशिला की जनता भाजपा और एनडीए के साथ है। उन्होंने कहा, “एनडीए की एकता और कार्यकर्ताओं की निष्ठा ही इस चुनाव में जीत का आधार बनेगी। गुड़ाबांधा की जनता ने यह तय कर दिया है कि इस बार कमल ही खिलेगा।”
सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा और आजसू कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा के दौरान नेताओं ने बूथ स्तर पर चुनावी रणनीति साझा की और कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने का आग्रह किया।
सिंहपुरा हाट मैदान में जुटी भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने स्पष्ट संकेत दिया कि घाटशिला उपचुनाव में एनडीए गठबंधन मजबूती से मुकाबले में है और जनता विकास की राजनीति के साथ खड़ी है।


