
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ‘स्पेशल एडवेंचर कोर्स’ (Special Adventure Course) में शानदार प्रदर्शन कर जमशेदपुर के एनसीसी कैडेट्स शहर लौट आए हैं। 17 मई से 26 मई तक चले इस 10 दिवसीय प्रतिष्ठित कैंप में देश भर से केवल 50 चुनिंदा एनसीसी कैडेट्स को शामिल होने का मौका मिला था। झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए जमशेदपुर के जांबाज कैडेट्स ने इस कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया।

पहलगाम में सीखा कठिन परिस्थितियों से लड़ना
इस 10 दिवसीय राष्ट्र स्तरीय कैंप के दौरान कैडेट्स को बेहद कठिन और साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स ने ट्रैकिंग (Trecking), आर्टिफिशियल रॉक क्लाइंबिंग (Artificial Rock Climbing), नेचुरल रॉक क्लाइंबिंग (Natural Rock Climbing) और रिवर क्रॉसिंग (River Crossing) जैसी चुनौतियों को पार करना सीखा। इसके अलावा, विपरीत परिस्थितियों में जीवित रहने के लिए सर्वाइवल कैंप्स (Survival Camps) और ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग (Obstacle Training) का भी विशेष अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के हिस्से के रूप में कैडेट्स को प्रसिद्ध बेताब वैली (Betab Valley) का दौरा भी कराया गया।
जमशेदपुर के इन 5 कैडेट्स ने बढ़ाया मान
इस राष्ट्रीय कैंप में जमशेदपुर के दो प्रमुख कॉलेजों के कुल पांच छात्रों ने हिस्सा लिया। करीम सिटी कॉलेज से चार एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
नूपुर महतो
ज्योति कुमारी
मनदीप सिंह
अभिज्ञान कुमार
इनके अलावा लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (LBSM) कॉलेज के छात्र शिव शंकर देवगन ने भी इस कैंप में हिस्सा लिया और कड़े प्रशिक्षण का लाभ उठाकर शहर का गौरव बढ़ाया।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: टाटानगर रेलवे यार्ड में करंट लगने से घायल तकनीशियन की मौत, परिजनों ने दर्ज कराई FIR
कॉलेज पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत और सम्मान
सफलतापूर्वक ट्रेनिंग पूरी कर शहर लौटने पर आज करीम सिटी कॉलेज के परिसर में इन कैडेट्स का भव्य स्वागत किया गया। कॉलेज के प्राचार्य मोहम्मद रेयाज, परीक्षा नियंत्रक बी एन त्रिपाठी और एनसीसी ऑफिसर डॉक्टर (मेजर) फखरुद्दीन अहमद ने चारों कैडेट्स की हौसलाअफजाई की।
प्राचार्य मोहम्मद रेयाज ने कैडेट्स की इस उपलब्धि को कॉलेज और पूरे शहर के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए कॉलेज प्रबंधन की तरफ से विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान एनसीसी ऑफिसर मेजर फखरुद्दीन अहमद ने कहा कि ऐसे साहसिक कैंपों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और अनुशासन की भावना मजबूत होती है।


