जमशेदपुर.



सप्ताह में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य दिवस की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर मंगलवार 27 जनवरी 2026 को देशभर में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एक दिवसीय हड़ताल की. इस हड़ताल का व्यापक असर कोल्हान क्षेत्र में भी देखने को मिला, जहां करीब 350 से अधिक बैंक शाखाएं और 1500 से ज्यादा एटीएम सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहीं.
हड़ताल को सफल बनाने में करीब 3500 से अधिक बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. UFBU का कहना है कि जहां DFS, RBI, NABARD, SEBI, LIC, GIC, NPCI, स्टॉक एक्सचेंज, कॉरपोरेट ऑफिस, आईटी सेक्टर, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट समेत अधिकांश वित्तीय एवं नियामक संस्थाओं में पहले से ही सप्ताह में पांच कार्य दिवस लागू हैं, वहीं बैंक कर्मी भी बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस के लिए इसी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. इसके बदले बैंक कर्मचारी प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने को भी तैयार हैं.
UFBU ने बताया कि 07 दिसंबर 2023 और 08 मार्च 2024 को UFBU और IBA के बीच इस मुद्दे पर समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, बावजूद इसके डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) की हठधर्मिता के कारण अब तक इसे लागू नहीं किया गया. इसी के विरोध में देशभर में करीब आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी अपनी एक दिन की तनख्वाह की कुर्बानी देकर आंदोलन कर रहे हैं.
कोल्हान क्षेत्र में इस हड़ताल को सफल बनाने में SBI के सेवा निवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी एकजुटता दिखाते हुए सक्रिय सहयोग दिया. UFBU जमशेदपुर ने इसके लिए सभी पेंशनर्स का आभार व्यक्त किया. SBI पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से कामरेड चमक सेनगुप्ता, त्रिलोचन सिंह कलसी, शशि कुमार, सुभरल राय, विजय ईश्वरन, अनुपम घोष, आशीष दत्ता सहित अन्य सदस्यों ने आंदोलन को मजबूती प्रदान की.
इसके अलावा SBI, UFBU एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हड़ताल को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई. आंदोलन की प्रभावी कवरेज के लिए मीडिया कर्मियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया.
अंत में UFBU जमशेदपुर के संयोजक कामरेड रींटू कुमार रजक ने हड़ताल को सफल बनाने में शामिल सभी संगठनों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया






