
जमशेदपुर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक ठेकाकर्मी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के दौरान ठेकाकर्मी प्रताप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन सहकर्मियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जसकरण सिंह, विशाल और अर्प्षित सिंह शामिल हैं।

घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में प्रताप सिंह अपने रिश्तेदारों और भाइयों के साथ काम करता था। शनिवार को मजदूर क्रेन की सहायता से लोहे की प्लेट लगाने का काम कर रहे थे। साइट फोरमैन रंजीत सिंह के अनुसार एक प्लेट लग चुकी थी और दूसरी लगाने की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान प्रताप सिंह का फोन कॉल रिसीव नहीं हुआ। कुछ देर बाद जब कॉल बैक आया तो बताया गया कि प्रताप के साथ मारपीट हुई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे एमजीएम अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल प्रताप सिंह के शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में रखा गया है। मृतक मूल रूप से पंजाब का रहने वाला था। उसके परिजन मंगलवार तक जमशेदपुर पहुँचेंगे, जिसके बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है और गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। मजदूरों के बयान और स्थल की परिस्थितियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
READ MORE :Jamshedpur News :चतुर्थ बाल मेला 2025 कुश्ती में उज्जवल, आदित्य, खुशी, रिया, अरुण और विकास विजेता


