जमशेदपुर। मंगलवार को मारवाड़ी युवा मंच टाटानगर अचीवर्स शाखा का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स सभागार में संपन्न हुआ। मंच के नव-निर्वाचित अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल समेत सभी नवगठित कार्यकारिणी और समिति सदस्यों ने विधिवत शपथ ली। इससे पहले दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। समारोह का शुभारंभ मंच के अध्यक्ष अंशुल रिंगसिया द्वारा स्वागत भाषण से हुआ। मंच का सफल संचालन उपाध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी अरुण गुप्ता, मोहित मूनका, सुगम सरायवाला उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने अपने संबोधन में मंच के कार्यों की सराहना करते हुए सामाजिक सेवा, युवा सशक्तिकरण और संगठनात्मक विकास पर बल दिया। संस्थापक अध्यक्ष सुगम सरायवाला का वक्तव्य विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा, जिसमें उन्होंने शाखा की स्थापना के उद्देश्यों और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला। नव-निर्वाचित अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि यह पद मेरे लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी है। हम एक टीम के रूप में काम करके समाज में सकारात्मक बदलाव लाएंगे। यह आयोजन न केवल संगठनात्मक उत्तरदायित्व का प्रतीक था, बल्कि यह सामाजिक समर्पण और युवा नेतृत्व की शक्ति को भी दर्शाता है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व अध्यक्ष सीए रवि कुमार गुप्ता का विशेष योगदान रहा। अंत में सचिव विजय सोनी द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर मनीष कुमार अग्रवाल, उत्कर्ष अग्रवाल, बिमल रिंगासिया, कैलाश अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, राजीव अग्रवाल, राधा कृष्ण मूनका, राम कृष्ण मूनका, अनिल रिंगासिया, अमित कुमार अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, चेतन अग्रवाल, मेघा रिंगसिया, नेहा अग्रवाल, सौरव कुमार, सुमन चौधरी, शिव चौधरी, अश्विनी अग्रवाल, सार्थक अग्रवाल आदि उपस्थित थे।





