झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर के रितिक राज उर्फ ‘राज बाबू’ इन दिनों देश के सबसे लोकप्रिय हिप-हॉप और रैप रिएलिटी शो MTV Hustle 5 (Apna Homeground) में अपनी गायकी और रैपिंग से धमाल मचा रहे हैं. अपनी खाटी देसी शैली, बेबाक बोल और बीट पर बेहतरीन पकड़ के दम पर उन्होंने शो के जजों और देशभर के संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया है.
पिता का साया उठा, पर नहीं हारी हिम्मत
रितिक राज की यह सफलता आसान नहीं रही है. इसके पीछे संघर्ष और दर्द की एक लंबी कहानी छिपी है. रितिक ईटीवी के पूर्व सीनियर कैमरामैन दिवंगत रीतेश कुमार के सुपुत्र हैं. वर्ष 2024 में जमशेदपुर के बिष्टुपुर में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रीतेश कुमार बुरी तरह घायल हो गए थे. लगभग एक साल तक चले लंबे इलाज के बाद पिछले वर्ष उनका निधन हो गया. सिर से पिता का साया उठ जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. रितिक स्कूल के दिनों से ही बतौर रैपर काफी मशहूर थे, लेकिन जब उनका सिंगिंग करियर संघर्ष के दौर में था, तभी पिता के साथ यह हादसा हो गया.
अस्पताल के चक्कर से नेशनल टीवी/ओटीटी के मंच तक का सफर
पिता के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान रितिक लगातार उनकी सेवा में जुटे रहे. दिल्ली और मुंबई के चक्कर काटते हुए एक तरफ पहचान बनाने की चुनौती थी, तो दूसरी तरफ पिता की देखरेख की जिम्मेदारी. इस कठिन दौर में भी रितिक ने अपने गम को पी लिया और किसी से अपनी तकलीफ बयां नहीं की. उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार कोशिश करते रहे. पिता के चले जाने के दर्द को उन्होंने अपनी ताकत बनाई. आज वही संघर्ष निखर कर सामने आया है और लौहनगरी का यह लाल राष्ट्रीय पटल पर जमशेदपुर का नाम रोशन कर रहा है.
देसी स्वैग से जमाया रंग
MTV Hustle 5 के मंच पर रितिक (राज बाबू) ने अपनी स्थानीय जड़ों और भोजपुरी-हिप-हॉप के अनूठे मेल से सभी को अचंभित कर दिया है. उनके गाने खतरनाक जमाना, लकड़ी की काठी और बाबा बम बम तो काफी ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. उनके गानों में संघर्ष की छाप और मिट्टी की सोंधी महक साफ नजर आती है.
बाॅलीवुड में दस्तक
रितिक राज को मशहूर फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशांत पार्ट 2(2025)’ में खूंखार निशांची गीत को गाने का मौका मिल चुका है.
रिएलिटी शो से देशव्यापी पहचान
एमटीवी Hustle 5 में रितिक के प्रदर्शन और उनके वायरल वीडियो देश में धूम मचा रहे हैं.मुश्किलों से लड़ते हुए पल प्रतिपल अपनी पहचान बनाने की जद्दोजहद और भावनाओं को गीतों के जरिए प्रेषित करने की की उनकी यह यात्रा शहर के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी है.