
जमशेदपुर। महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए विश्व जन सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रेम नगर, टेल्को क्षेत्र में मासिक चक्र (माहवारी) जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के सदस्य डॉ. मनीष झा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को माहवारी से जुड़ी सही जानकारी देना, भ्रांतियों को दूर करना तथा स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
READ MORE :Jamshedpur News :खुशहाल महिला – खुशहाल परिवार” विषय पर ब्रह्माकुमारीज ने आयोजित किया महिला दिवस
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही उन्हें यह जानकारी दी गई कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसे लेकर समाज में फैली झिझक और गलत धारणाओं को दूर करना आवश्यक है। डॉ. मनीष झा ने कहा कि यदि माहवारी के दौरान सही स्वच्छता का पालन किया जाए तो कई प्रकार के संक्रमण और बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने महिलाओं को साफ-सफाई बनाए रखने, नियमित रूप से सैनिटरी पैड का उपयोग करने और समय-समय पर पैड बदलने की सलाह दी।
READ MORE :Jamshedpur News :पहली बारिश में डूबी नई फोर लेन सड़क, गोविंदपुर में NH-33 कनेक्टिंग रोड पर जलजमाव
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क ‘प्रोजेक्ट बाला’ सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया, जिससे जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान सुरक्षित और स्वच्छ विकल्प मिल सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और किशोरियां उपस्थित रहीं और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहिया संगीता देवी, रंजू देवी, कंचन कुमार तथा क्षेत्र की अन्य महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी ने मिलकर महिलाओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
विश्व जन सेवा ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर समाज में स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और आवश्यक संसाधन पहुंचाना है, ताकि महिलाएं और किशोरियां स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन जी सकें। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को जारी रखने का संकल्प लिया है।


