जमशेदपुर।
गोविंदपुर क्षेत्र में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल Vishva Jan Seva Trust की ओर से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और किशोरियां शामिल हुईं।कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी Dr. Manish Jha ने किया। इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों के बीच “प्रोजेक्ट बाला” के तहत निःशुल्क सैनिटरी पैड का वितरण किया गया।
माहवारी से जुड़े मिथकों को दूर करने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किशोरियों को माहवारी से जुड़ी जरूरी स्वास्थ्य जानकारी दी गई। साथ ही समाज में प्रचलित कई मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया।डॉ. मनीष झा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी माहवारी को लेकर संकोच और गलत धारणाएँ मौजूद हैं, जिसके कारण कई महिलाएं उचित स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से वंचित रह जाती हैं।
स्वच्छता और पोषण पर दी गई सलाह
कार्यक्रम में उपस्थित किशोरियों और महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छ सैनिटरी पैड का उपयोग करने, समय-समय पर पैड बदलने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई।डॉ. झा ने बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है और इसे लेकर किसी भी तरह की शर्म या डर की आवश्यकता नहीं है। सही जानकारी और स्वच्छता अपनाने से महिलाएं कई प्रकार के संक्रमण और स्वास्थ्य समस्याओं से बच सकती हैं।
READ MORE :Jamshedpur News:प्री-वूमेन डे पर बारीडीह में स्वास्थ्य जागरूकता की पहल, 120 से अधिक लोगों ने कराया हेल्थ चेकअप
पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित न होने का संदेश
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को यह भी बताया गया कि माहवारी के कारण पढ़ाई, कामकाज या दैनिक गतिविधियों को रोकने की आवश्यकता नहीं है। इस विषय पर समाज में खुलकर चर्चा होना जरूरी है, ताकि महिलाएं और किशोरियां आत्मविश्वास के साथ स्वस्थ जीवन जी सकें।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का मिला सहयोग
इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में दुर्गी हेंब्रम, मुखिया आलोक शांडिल, उप मुखिया संगीता चौधरी और निशा कुमारी का विशेष सहयोग रहा। स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी समाज के वंचित वर्गों के लिए ऐसे स्वास्थ्य और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी और आवश्यक संसाधन पहुंचाए जा सकें।




