
जमशेदपुर। भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत देने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, स्टील सिटी शाखा द्वारा ‘चलित अमृतधारा‘ सेवा अभियान की शुरुआत की गई। इस सेवा का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने किया। अभियान के तहत मोबाइल पेयजल वाहन के माध्यम से राह चलते लोगों को ठंडा और स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 10 जलसेवा स्टैंड भी लगाए गए हैं, जो प्रतिदिन हजारों लोगों को निःशुल्क जल सेवा प्रदान करेंगे। शाखा अध्यक्ष अनंत मोहनका ने बताया कि यह सेवा पूरे गर्मी के मौसम तक जारी रहेगी और प्रत्येक दिन अलग-अलग दानदाता इसे प्रायोजित करेंगे। संयोजक पंकज मूनका ने इसे मानवीय करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक बताया। यह सेवा अभियान समाज को यह संदेश देता है कि सेवा ही श्रेष्ठ धर्म है। आज की जल सेवा स्व. मोहनलाल मोंडिया की पुण्य स्मृति में बिमल अग्रवाल एवं राधा अग्रवाल द्वारा प्रायोजित की गई। कार्यक्रम में मंच के सचिव कौशिक चौधरी, उपाध्यक्ष अंकुर मोदी, संयुक्त सचिव ऋषव चेतानी सहित पूर्व अध्यक्ष अजय चेतानी, विष्णु गोयल, सार्थक अग्रवाल, मोहित मूनका, प्रवीण अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, शुभम अग्रवाल, मनीष चौधरी आदि उपस्थित थे।




